haribhoomi hindi news
नोएडा में किराना के थोक व्यापारी पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में अपने परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार की रात जब घर लौटे तो पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जोशी कॉलोनी में गुरुवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना कारोबारी पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से कारोबारी अनिल गुप्ता बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी से उनका बैग लूटने का प्रयास किया। लेकिन कारोबारी के बेटे ने ऐसी हिम्मत दिखाई कि बदमाशों को भागना पड़ा। यही नहीं, रास्ते में इन बदमाशों के साथ ऐसा कुछ हुआ, जिसके चलते हथियार और बाइक भी छोड़नी पड़ी।

घात लगाकर बैठे थे बदमाश
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अनिल गुप्ता अपने परिवार के साथ जोशी कॉलोनी में रहते हैं। उनका नोएडा में किराने का थोक कारोबार है। गुरुवार की रात करीब साढ़े दस बजे वे अपने बेटे और भांजे के साथ घर पहुंचे। यहां उनका बेटा कार को पार्किंग में ले गया, वहीं अनिल गुप्ता पैदल घर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान अचानक पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। 

जब विरोध का सामना करना पड़ा तो उन्होंने व्यापारी अनिल गुप्ता पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे नीचे गिर गए, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने उनका बैग लूटने का प्रयास किया। बैग में करीब तीन लाख रुपये थे। गोली की आवाज सुनकर अफरातफरी मच गई। इसके बाद बदमाशों ने भागने में ही भलाई समझी। 

बदमाशों का किया पीछा 
गोली की आवाज सुनकर उनके बेटे राहुल गुप्ता ने अपनी कार से बदमाशों की बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। रास्ते में उन्होंने बदमाशों की बाइक को टक्कर मारी, जिससे घबराकर बदमाश अपनी बाइक और हथियार छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि बदमाशों की संख्या 5 से 6 हो सकती है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का जल्द ही सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

7