haribhoomi hindi news
प्रदेशभर के 751 स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य गुरुवार को राजधानी रायपुर में जुटे।

रायपुर। प्रदेशभर के 751 स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य गुरुवार को राजधानी रायपुर में जुटे। पं.दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समीक्षा बैठक के मुख्य एजेंडे परीक्षा परिणाम में सुधार, नीट व जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं, अंग्रेजी भाषा दक्षता में सुधार रहे। अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की।

प्राचार्यों के लिए प्रश्नोत्तरी सत्र भी रखा गया था। इसमें प्राचार्यों ने विद्यालय संबंधित दुर्दशा गिनाई। अधिकतर प्राचार्यों ने वेतन समय पर प्राप्त नहीं होने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि प्रतिनियुक्ति पर स्वामी आत्मानंद विद्यालय आए शिक्षकों अथवा प्राचार्यों को पूर्व पद्धति से वेतन दिया जाए। 

फंड नहीं मिलने के कारण उधार से काम चलाना पड़ रहा है 
वर्तमान में उन्हें वेतन के लिए कई बार 2 माह तक का इंतजार करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने शाला संचालन के लिए निर्धारित 5 लाख रुपए की राशि नहीं मिलने के कारण संचालन में हो रही दिक्कतें भी गिनाई। उनका कहना था कि फंड नहीं मिलने के कारण उधार से काम चलाना पड़ रहा है। स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण फंड की राशि 5 लाख रुपए से बढ़ाने की भी मांग प्राचार्यों ने की। इसके अतिरिक्त चपरासी व भृत्य के पदों को भरने, डाटा एंट्री सहित अन्य कार्यों के लिए कंप्यूटर शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की गई।

सिखाएं हाउसकीपिंग व गार्डनिंग जैसे कौशल
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा, विद्यालयों में शैक्षणिक कार्यों को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी बनाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक छात्र पर व्यक्तिगत ध्यान देने और प्राचार्यों द्वारा कम से कम एक कक्षा लेने का भी निर्देश दिया गया। प्रतिदिन राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं दीप मंत्र तथा छुट्टी के समय गायत्री मंत्र एवं शांति पाठ का आयोजन करने, शनिवार को गतिविधि दिवस के रूप में मनाने, विद्यार्थियों को योग अभ्यास कराने एवं गार्डनिंग व हाउसकीपिंग जैसे कौशल सिखाने के लिए दो समूह अनिवार्य रूप से बनाने की बात कही।  

स्कूलों में होगा इंग्लिश स्पीकिंग डे
सह-शैक्षणिक गतिविधियों की उपलब्धियां, स्मार्ट क्लास एवं पुस्तकालयों के प्रभावी उपयोग, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा नवाचार आधारित गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक माह एक दिन निर्धारित कर "इंग्लिश स्पीकिंग डे" मनाने तथा विद्यालय परिसर में मोबाइल उपयोग पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। बैठक में समग्र शिक्षा आयुक्त किरण कौशल, संयुक्त सचिव फरिहा आलम सिद्दकी, एससीईआरटी के संयुक्त संचालक के कुमार, उपसंचालक एएन बंजारा, डीईओ हिमांशु भारतीय सहित प्रदेशभर से आए प्राचार्यगण उपस्थित रहे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7