Delhi Kidnapping Case: दिल्ली के रोहिणी में 12 साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Kidnapping Case: दिल्ली के रोहिणी इलाके से छात्रा के संदिग्ध हालात में लापता होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान की 12 वर्षीय बेटी स्कूल से आते समय लापता हुई है। परिजनों बताया कि स्कूल से घर लौटते वक्त उनकी बेटी अपनी आवासीय सोसाइटी के गेट के बाहर थी। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है। बहरहाल, पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला रोहिणी सेक्टर-28 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी का बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में बच्ची के परिजन ने बताया कि उनकी 12 साल की बेटी आज 12 मार्च गुरुवार को सुबर स्कूल गई थी। दोपहर के वक्त स्कूल से लौटते वक्त वह अपने सोसाइटी के गेट के पास तक पहुंची थी, लेकिन उसके बाद अचानक उसका कोई पता नहीं चला।

परिवार वालों का कहना है कि बच्ची काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी तो उन्हें फिक्र होने लगी। पहले परिजनों आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी। पड़ोसियों से पूछताछ की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। 

CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को तलाशने के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके अलावा बच्ची की तलाश के लिए पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं, सभी को अलग-अलग एरिया में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीनियर पुलिस अधिकारी का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को आखिरी बार कहां और किस समय देखा गया था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।