Delhi Assembly Security: दिल्ली विधानसभा में आज 6 अप्रैल सोमवार को एक गाड़ी VIP गेट तोड़कर सीधे विधानसभा परिसर में घुस गई। इस घटना से विधानसभा में हड़कंप मच गया। मामले के बारे में पता लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस घटना से विधानसभा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस टीम पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर एक टाटा सिएरा कार मॉल विधानसभा परिसर के गेट नंबर-2 तोड़कर अंदर घुस गई। कार चालक सीधे सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा, और फूलों का गुलदस्ता रखकर मौके से तुरंत फरार हो गया। घटना के वक्त विधानसभा के वीआईपी गेट पर CRPF तैनात थी, इसके बावजूद इस तरह की घटना से विधानसभा की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कार बरामद कर ली।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 6, 2026
UP रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक टाटा सिएरा कार दिल्ली असेंबली के गेट नंबर 2 को तोड़कर अंदर घुस गई। कार से एक आदमी बाहर निकला, गुलदस्ता रखा और चला गया। VIP गेट पर सुरक्षा के लिए CRPF तैनात थी। बम जैसी कोई चीज़ नहीं मिली। https://t.co/yj4OA4fYLE pic.twitter.com/BqKASWzrgE
उत्तर प्रदेश नंबर की थी कार
बताया जा रहा है कि कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत नंबर की थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस टीम के अलावा बॉम्ब स्क्वाड मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल आरोपी चालक ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय के पास जो गुलदस्ता रखा, उसमें से कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
सरबजीत सिंह के नाम पर कार रजिस्टर्ड
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी ने जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया है, वो पीलीभीत जिले के पूरनपुर तहसील क्षेत्र के रहने वाले सरबजीत सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार के मालिक के पिता का नाम कुलवंत सिंह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने ड्राइवर आरोपी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह का पता लग सके।









