haribhoomi hindi news
Delhi Traffic Police Advisory For IPL Match: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाले मैच को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

Delhi Traffic Police Advisory For IPL Match: दिल्ली में 8 अप्रैल 2026 को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच यह डे-नाइट मैच अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसकी वजह से इलाके में दोपहर 12 बजे से ही भारी यातायात देखने को मिल सकता है। 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बहादुर शाह जफर मार्ग और JLN मार्ग पर जरूरत के अनुसार डावर्जन और प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर 12 बजे से लेकर रात 12 बजे तक इन रूटों पर ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा  भारी और वाणिज्यिक गाड़ियों का आवागमन कुछ मुख्य हिस्सों में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसमें दरियागंज से दिल्ली गेट, ITO से दिल्ली गेट और दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक तक का एरिया शामिल है। 
 

इन रास्तों पर लगेगा ट्रैफिक

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह देते हुए कहा है कि वे जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों पर जाने से बचें। क्योंकि मैच के दौरान इन रूटों पर भारी जाम देखने को मिल सकता है। ये सभी मार्ग स्टेडियम के मुख्य एक्सेस कॉरिडोर हैं, जहां दर्शकों की आवाजाही सबसे ज्यादा देखने को मिलेगी।  

कैसे मिलेगी एंट्री ?

स्टेडियम में एंट्री को लेकर भी अलग-अलग गेट के हिसाब से रूट को तय किया गया है। दक्षिण दिशा के गेट नंबर 1 से 8 तक पहुंचने के लिए बहादुर शाह जफर मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ेगा. जबकि पूर्व दिशा के गेट 10 से 15 के लिए JLN मार्ग से एंट्री दी जाएगी।  पश्चिम दिशा के गेट 16 से 18 के लिए भी बहादुर शाह जफर मार्ग से पहुंच बनाई जाएगी। इस व्यवस्था के पीछे का उद्देश्य भीड़ को अलग-अलग दिशाओं में विभाजित करके ट्रैफिक दबाव को कम कर दिया जाएगा। 

पार्किंग लेकर नियम तय 

पार्किंग को लेकर भी सख्त नियम किए गए हैं। बताया जा रहा है कि स्टेडियम के आसपास बिना परमिशन के पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। आम दर्शकों के लिए  माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर फ्री पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। जहां से पार्क एंड राइड सिस्टम के माध्यम से बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

इन बसों को मैच शुरू करने से 2 घंटे पहले चलाना शुरू कर दिया जाएगा। बसें मैच खत्म होने के एक घंटे बाद तक संचालित रहेंगी। जिन गाड़ियों पर लेबल होगा, उनके लिए  विशेष पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं, जिनमें जेपी पार्क, विक्रम नगर, जेजेबी/प्रयास कार्यालय के पास और गेट नंबर 7 और 8 के बीच का क्षेत्र शामिल है। 

ऐप आधारित टैक्सी के लिए ये सुविधा

ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के लिए भी अलग पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट को तय कर दिया गया है। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पास गेट नंबर 2, राजघाट चौक और रिंग रोड की सर्विस लेन को इसके लिए चिन्हित किया गया है, ताकि स्टेडियम के पास बेवजह की भीड़ न लगे।

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि  बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और रिंग रोड के कुछ हिस्सों पर किसी भी तरह की पार्किंग की परमिशन नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों को तुरंत हटा दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी है। 

7