Delhi University Bomb Threat: दिल्ली यूनिवर्सिटी के 2 कॉलेज को आज 6 अप्रैल यानी सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि धमकी मिलने के बाद कैंपल को तुरंत खाली करवा लिया गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद तुरंत सर्च अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज और मिरांडा कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस सूचना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि दोनों कॉलेजों को एक ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
सूचना मिलते ही तुरंत दोनों कॉलेजों के सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचकर कॉलेज के हर कोने की गहनता से तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
पुलिस का कहना है कि अब तक की तलाशी में किसी भी तरह के विस्फोट या संदिग्ध वस्तु मिलने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस फिलहाल धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है, इसके लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।
बता दें कि यह पहला ऐसा मामला नहीं है, इससे पहले भी स्कूल, कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। इसके अलावा बजट सत्र 2026 के दौरान भी दिल्ली विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि ज्यादातक मामलों में यह धमकी भरे ईमेल फर्जी साबित हुए हैं।










