भिलाई। दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड के छोटे से गांव सेजस जंजगीरी के सरकारी स्कूल के छात्र लाभेश गुप्ता ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और स्कूल का मान बढ़ा दिया है। सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण परिवेश से निकलकर सैनिक स्कूल तक पहुंचना बच्चों के लिए प्रेरणा का बड़ा उदाहरण बन गया है।
शिक्षिका अंजना सिंह की मेहनत का बड़ा योगदान
लाभेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी शिक्षिका अंजना सिंह को दिया है। उन्होंने बताया कि मैडम रोज अतिरिक्त कक्षाएँ लेती हैं और लगातार मॉक टेस्ट कराती हैं। खासकर मैथ्स की शॉर्ट ट्रिक्स ने उनकी तैयारी को और मजबूत बनाया। समय प्रबंधन पर उनके मार्गदर्शन ने परीक्षा में निर्णायक भूमिका निभाई।

गांव की प्रतिभा को निखारने की जरूरत- शिक्षिका अंजना सिंह
शिक्षिका अंजना सिंह ने कहा कि गांव में अपार प्रतिभा है, बस सही मार्गदर्शन और मेहनत से बच्चों को संवारने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाएँ कठिन नहीं होतीं, लेकिन समय प्रबंधन सबसे बड़ा हथियार है। सही समय पर प्रश्न हल न होने पर सफलता हाथ से निकल सकती है।
सीमित संसाधनों के बीच बड़ी उपलब्धि
ग्रामीण क्षेत्र में अध्ययन सामग्री की कमी, माहौल की चुनौतियाँ और सीमित संसाधनों के बावजूद लाभेश ने सफलता हासिल की। यह उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणादायक है जो कठिन परिस्थितियों में रहकर भी बड़े सपने देखते हैं।
अधिकारी और स्कूल परिवार ने दी बधाई
जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अथर्व शर्मा, बीआरसी केशव पटेल, एबीईओ बेणीराम वर्मा, कैलाश साहू, प्राचार्या मिनी गोपीनाथन एवं पूरे स्कूल परिवार ने लाभेश और शिक्षिका को बधाई दी। सभी ने भविष्य में और बड़ी सफलताएँ हासिल करने की कामना की।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









