दिल्ली में हड़कंप: भाजपा की टेंशन बढ़ाएंगे जीतन राम मांझी, अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में बड़ी टूट की खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री और HAM पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सूत्रों के अनुसार, HAM दिल्ली में 2025 विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती थी, लेकिन भाजपा से सहमति नहीं बनी। जिसके बाद पार्टी ने राजधानी में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। इस खबर के बाद से भाजपा की टेंशन बढ़ गई है। जीतन राम मांझी एनडीए का अहम सहयोगी और केंद्र में मंत्री भी है।
भाजपा ने नहीं दिया भाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, HAM पार्टी ने जेडीयू और लोक जनशक्ति पार्टी के साथ मिलकर दिल्ली में विधानसभा सीटों की मांग की थी। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। जिसके बाद जीतन राम मांझी पार्टी ने अकेले अपने दम पर दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया।
पिछले चुनाव में भाजपा ने जदयू और लोक जनशक्ति पार्टी को दी थी सीटें
पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को दो सीटें और लोक जनशक्ति पार्टी को एक सीट दी थी। जनता दल यूनाइटेड ने बुराड़ी और संगम विहार सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे, वहीं लोक जनशक्ति पार्टी ने सीमापुरी सीट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों पार्टियां एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: क्या बीजेपी को नहीं मिल रहे AAP के टक्कर के कैंडिडेट, मौजूदा विधायकों को भी सता रहा टिकट कटने का डर!
दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचली वोटर्स
दिल्ली में बड़ी तादाद में पूर्वांचली वोटर्स हैं। भाजपा उन्हीं वोटरों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड मूल के करीब 25 फीसदी मतदाता दिल्ली में रहते हैं। करीब सीटों पर पूर्वांचली वोटर्स जीत-हार तय करते हैं। इनमें गोकलपुर, मटियाला, द्वारका, नांगलोई, करावल नगर, जनकपुरी, त्रिलोकपुरी, बुराड़ी, उत्तम नगर, संगम विहार, जनकपुरी, त्रिलोकपुरी, किराड़ी, विकासपुरी और समयपुर बादली जैसी सीटें शामिल हैं।
भाजपा के लिए नीतीश कुमार मांगेंगे वोट
खबर है कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा में प्रचार के लिए अपने सहयोगी दलों से भी संपर्क किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान दिल्ली में एनडीए के लिए प्रचार कर सकते हैं।
