Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली में कल से 'न्याय यात्रा' निकालेगी कांग्रेस, कई इलाकों में रात को भी डेरा डालेंगे पार्टी कार्यकर्ता

Delhi Congress Guarantee Card
X
दिल्ली में कांग्रेस का गारंटी कार्ड।
दिल्ली में कल से (8 नवंबर) कांग्रेस 'दिल्ली न्याय यात्रा' निकालेगी। इस यात्रा के उद्घाटन दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने की संभावना है। इस यात्रा की शुरुआत आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर की जा रही है।

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होना है। आगामी चुनाव को देखते हुए कांग्रेस कल से दिल्ली में 'न्याय यात्रा' निकालेगी। इस यात्रा को राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' से जोड़कर देखा जा रहा है। इस यात्रा का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने बताया कि इस यात्रा के जरिए विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा और वोटर्स को कांग्रेस से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। देवेंद्र यादव ने आगे कहा कि इस यात्रा को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पूर्व सांसदों और विधायकों, नगर निगम पार्षदों, जिला और ब्लॉक समिति के अध्यक्षों, सोशल मीडिया स्वयंसेवकों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें की गई। यह यात्रा रोजाना 20-25 किलोमीटर की पैदल यात्रा की जाएगी। यह हर दिन सुबह 8 बजे शुरू होगी और शाम को एक सार्वजनिक बैठक के बाद इसका समापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में लगभग 250-300 कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से सीधे जुड़ेंगे। हम उनके सुझावों पर भी विचार करेंगे।"

वहीं पार्टी के अन्य नेता ने कहा कि यात्रा के पहले दिन अधिवक्ताओं के शामिल होने की संभावना है, जबकि दूसरे दिन डॉक्टरों के भी शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान, दिल्ली कांग्रेस के पदाधिकारी सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और स्थानीय लोगों के साथ बातचीत करने के लिए कुछ क्षेत्रों में रात भर रुकेंगे।

15 साल तक कांग्रेस ने किया दिल्ली की सत्ता पर राज

बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस 15 सालों तक सत्ता में रही। हालांकि, 2013 के विधानसभा चुनावों में 70 में से केवल आठ सीटें जीतीं थी। इसके अलावा 2015 और 2020 के चुनावों में अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। इस बार कांग्रेस का सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी से होगा। आम आदमी पार्टी दिल्ली में साल 2013 से अभी तक राज कर रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story