आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 'शीश महल' के बाद 'विवाह महल' को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। केजरीवाल की बेटी हर्षिता अपने सहपाठी संभव जैन के साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए हैं। यह विवाह कार्यक्रम पंजाब के सीएम भगवंत मान के आधिकारिक आवास कपूरथला हाउस में आयोजित किया गया। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल के साथ ही भगवंत मान पर भी कटाक्ष किया है।
सुनील जाखड़ ने अरविंद केजरीवाल पर किया कटाक्ष
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने X पर लिखा कि अरविंद केजरीवाल जी को कपूरथला हाउस में उनकी बेटी की शादी के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। कुछ समय से 'कपूरथला हाउस' 'मैरिज पैलेस ऑफ एमिनेंस' बन गया है। इस शादी से पहले राघव चड्ढा की प्री-वेडिंग सेरेमनी इसी जगह पर हुई थी। उन्होंने आगे लिखा कि आप औचित्य के सवालों को भूल जाइए, यह बस समय की बात है, जब माननीय मुख्यमंत्री इसे पंजाब सरकार की नई पहल के रूप में घोषित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खास आदमी के स्टाइल में कपूरथला हाउस के दरवाजे शादियों के लिए खोलकर लगभग दिवालिया हो चुके पंजाब के लिए राजस्व कमाने के लिए क्रांति का एक और मॉडल।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भगवंत मान को घेरा
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी पंजाब के सीएम हाउस में शादी को लेकर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को घेरा है। उन्होंने भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था। बता दें कि इस शादी में करीब 150 निमंत्रण पत्र ही भेजे गए थे। इस शादी को सिंपल शादी दिखाया गया, लेकिन पंजाब के सीएम आवास पर कार्यक्रम होने के कारण अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान, दोनों विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी की ओर से इस पर क्या जवाब सामने आता है।
ये भी पढ़ें: भगवंत मान ने पत्नी संग किया जोरदार भांगड़ा, केजरीवाल की बिटिया की शादी में लूट ली महफिल