Sanjay Singh On Raghav Chadha: राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा उपनेता के पद से हटा दिया है। अब राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को इस पोस्ट की जिम्मेदारी दी गई है। आम आदमी पार्टी के फैसले पर संजय सिंह का बयान सामने आया है।
जब मीडिया द्वारा संजय सिंह से राघव चड्ढा को हटाने को लेकर सवाल किया गया तो, उन्होंने कहा कि जो भी बताना था वो राज्यसभा सचिवालय बता दिया है। राज्यसभा सचिवालय को पार्टी का जो फैसला था उससे अवगत करा दिया गया है।
सूत्रों की मानें तो, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को लिखे लेटर में कहा गया है कि 'राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। इसके साथ ही AAP ने राज्यसभा सचिवालय से आग्रह किया है कि सांसद राघव चड्ढा की जगह सांसद अशोक कुमार मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का डिप्टी लीडर नियुक्त किया जाए।'
सांसद अशोक मित्तल ने क्या कहा?
अशोक कुमार मित्तल ने इस बदलाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'पार्टी में बदलाव एक निरंतर प्रक्रिया है, पहले एनडी गुप्ता उपनेता थे, फिर राघव जी ने पदभार संभाला और अब मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है। कल किसी और को यह मौका मिल सकता है। पार्टी चाहती है कि हर सांसद और नेता अलग-अलग भूमिकाओं से सीखे और अनुभव हासिल करे।'
AAP के कुल 10 सांसद
मौजूदा समय में AAP के कुल 10 सांसद हैं. इनमें से 7 पंजाब और 3 दिल्ली से हैं। अशोक कुमार मित्तल और राघव चड्ढा भी पंजाब से ही राज्यसभा के सांसद हैं। आम आदमी पार्टी ने यह फैसला उस समय लिया है, जब पार्टी से जुड़े मसलों पर राघव चड्ढा 'चुप्पी' साधे हुए हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कार्यक्रमों में भी वो दिखाई नहीं दिए हैं। एक वक्त था जब राघव चड्ढा को केजरीवाल के सबसे करीबियों में शामिल किया जाता था, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ हालात में काफी बदलाव देखने को मिला है।
दिल्ली /एनसीआर की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










