Sanjay Singh: AAP के राज्यसभा सांसद और प्रखर वक्ता संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की है। शिवराज सिंह चौहान बीजेपी सरकार में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री हैं। संजय सिंह ने कहा कि एक मंत्री के तौर पर शिवराज सिंह काफी अच्छा बोलते हैं। संजय सिंह से एक इंटरव्यू में पूछा गया कि संसद में अच्छा स्पीकर कौन है? कौन नेता अच्छा बोलता है तो इस दौरान उन्होंने कई नेताओं का नाम लिया, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भी नाम शामिल है।
मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने एक मंत्री के तौर पर कल सदन में बहुत अच्छा भाषण दिया। उन्होंने बताया कि मैंने शिवराज जी से जाकर कहा कि एक फिल्म में परेश रावल और कादर खान दोनों थे और उस फिल्म में परेश रावल से जो मिलता था। इस दौरान वह इतना बोलते थे कि सामने वाला व्यक्ति बेहोश हो जाता था। लेकिन एक दिन फिल्म में उन्हें कादर खान मिल जाते हैं और इस बार कादर खान के सामने खुद परेश रावल बेहोश हो जाते हैं। संजय सिंह ने कहा कि कल मैंने भी उनकी तारीफ की थी।
संजय सिंह ने बताया कि कल सदन में शिवराज सिंह चौहान ने एक घंटा 50 मिनट भाषण दिया और इस दौरान उन्होंने अच्छे तरीके से अपनी बात रखी। इसके अलावा संजय सिंह ने अच्छे वक्ताओं के रूप में मनोज झा, कपिल सिब्बल, सुधांशु त्रिवेदी, इमरान प्रतापगढ़ी, शक्ति सिंह और साकेत गोखले जैसे नेताओं का भी नाम लिया। वहीं जब AAP सांसद से पूछा गया कि जो लोग आम आदमी पार्टी को छोड़कर दूसरे दलों में शामिल हो गए क्या उन्हें इस बात का दुख है। इसके जवाब में संजय सिंह ने कहा कि यदि कोई पार्टी या संगठन को छोड़कर जाता है तो इस बात का दुख तो होता ही है। संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी तरफ से पूरा प्रयास भी किया था कि कोई पार्टी से अलग न हो।