दिल्ली की न्यू फ्रेंडस कॉलोनी इलाके में बीती रात को एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 और 13 फरवरी की मध्य रात को करीब 12 बजे से एक बजे के बीच सूचना मिली कि न्यू फ्रेंडस कॉलोनी इलाके में एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि एक युवक की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बदरपुर की ओर जा रहा था ट्रक
पुलिस ने बताया कि स्कूटी को जिस ट्रक ने टक्कर मारी, वो बदरपुर की ओर जा रहा था। इस ट्रक पर किराने का सामान लदा था। ड्राइवर को यह सामान नागपुर पहुंचाना था। आरोपी ड्राइवर की पहचान 32 वर्षीय अयूब के रूप में हुई है। वह हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया गया है।
हेलमेट पहनता तो बच जाती जान
साउथ ईस्ट के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान 19 वर्षीय मानव के रूप में हुई है, जो कि सराय जुलेना का रहने वाला था। वही घायल व्यक्ति का नाम मोहम्मद (21) है, जो कि जामियानगर का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर हेलमेट बरामद नहीं हुआ है। दोनों युवक बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर हेलमेट पहना होता तो मानव की जान बच सकती थी। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











