आशीष कुमार गुप्ता - बतौली। सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने अपने जन्मदिन को खास और यादगार बनाने के लिए एक प्रेरणादायक निर्णय लिया। उन्होंने विकासखंड बतौली स्थित नेत्रहीन विद्यालय पहुंचकर वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ सरल और आत्मीय वातावरण में जन्मदिन मनाया। उनकी इस पहल ने बच्चों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंधन को भी भावुक कर दिया।
बच्चों से जाना हालचाल
नेत्रहीन विद्यालय पहुंचते ही निरुपा सिंह ने बच्चों के साथ घुलमिलकर समय बिताया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, रहने-सहने और दैनिक दिनचर्या के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बच्चों के साथ उन्होंने केक काटा और मिठाई बांटी, जिससे माहौल में उत्साह और खुशी झलकने लगी। बच्चों के चेहरों पर चमक साफ दिखाई दे रही थी।
#सरगुजा जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने अपने जन्मदिन पर बतौली के नेत्रहीन विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ सादगी और आत्मीयता से दिन बिताया।@SurgujaDist #Panchayatadhyaksh #NirupaSingh #blindschoolbirthday pic.twitter.com/mZpy7jGRXs
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 2, 2026
समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटना ही सच्ची सेवा
इस अवसर पर निरुपा सिंह ने कहा कि, समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करना ही असल सेवा है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला पंचायत द्वारा बच्चों की जरूरतों और सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन ने की सराहना, बच्चों में दिखी उत्सुकता
विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने निरुपा सिंह के इस भावपूर्ण कदम के लिए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि, यह पहल बच्चों के लिए न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि उनके मनोबल को भी मजबूत करती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और मुस्कुराहटों से भरा नजर आया।







