haribhoomi hindi news
रायपुर जिले के महादेव घाट में 3 से 5 अप्रैल तक 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन। देश-विदेश की 18 टीमें लेंगी हिस्सा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेल प्रेमियों के लिए बड़ा मौका आने वाला है। शहर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल ग्राउंड में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक वॉलीबॉल का जबरदस्त संग्राम देखने को मिलेगा। हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ द्वारा आयोजित 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट न सिर्फ स्थानीय खिलाड़ियों बल्कि देश-विदेश के प्रतिभागियों के लिए भी बड़ा मंच बनेगा। 

इस प्रतियोगिता में करीब 18 टीमें और लगभग 300 खिलाड़ी और टेक्निकल स्टाफ हिस्सा लेंगे, जिससे मुकाबले हाई-लेवल और बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन 3 अप्रैल को सुबह 10 बजे विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी भी मौजूद रहेंगे।

इन जगहों की टीमें दिखाएंगी अपनी प्रतिभा
टूर्नामेंट में मास्टर्स 40+ वर्ग और ओपन गर्ल्स कैटेगरी में मुकाबले खेले जाएंगे। मास्टर्स वर्ग में दुबई, उत्तर प्रदेश, केरल, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, चंडीगढ़, कोरबा और रायपुर की टीमें उतरेंगी। वहीं ओपन गर्ल्स वर्ग में पुणे, हरियाणा, कोलकाता, दिल्ली, आगरा, वाराणसी, बालाघाट, SAI रायपुर और भिलाई की टीमें अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

जितने वाली टीम को मिलेगा ये इनाम
आयोजकों के मुताबिक, कई टीमों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे, जिससे दर्शकों को हाई-क्वालिटी और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। इनाम भी आकर्षक मास्टर्स वर्ग में विजेता टीम को 71,000 रुपये और उपविजेता को 51,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं ओपन गर्ल्स वर्ग में प्रथम पुरस्कार 31,000 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 21,000 रुपये रखा गया है। इसके अलावा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

खेल को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम- अध्यक्ष
आयोजन समिति ने शहरवासियों, खेल प्रेमियों और विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। संघ के अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने बताया कि, यह प्रतियोगिता रायपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

7