धरसींवा। कुंवरगढ़ नगर के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। विधायक अनुज शर्मा की पहल पर आयोजित ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ का दूसरा दिन भव्यता, संस्कृति और जनउत्साह से पूरी तरह सराबोर दिखाई दिया। प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को गरिमा प्रदान की।
नामचीन कलाकारों की जोरदार प्रस्तुति, देर रात तक थिरके दर्शक
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कलाकार विवेक शर्मा, गरिमा दिवाकर, पप्पू चंद्राकर और चम्पा निषाद रहे। इन कलाकारों ने अपने गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा पंडाल देर रात तक तालियों और झूमते दर्शकों से गूंजता रहा। उनकी प्रस्तुतियों ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए।

अबूझमाड़ मलखंब और अंतरराष्ट्रीय पोल आर्टिस्टों ने जीता दिल
नारायणपुर के अबूझमाड़ मलखंब दल और अंतर्राष्ट्रीय पोल आर्टिस्टों ने अद्भुत कला प्रदर्शन किया। उनकी जोखिम भरी और रोमांचक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को विस्मित कर दिया। मंच पर उनके हर मूवमेंट पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही।

इतिहास और संस्कृति को पुनर्जीवित करने की बात: मंत्री टंकराम वर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि कुँवरगढ़ का इतिहास केवल पत्थरों में नहीं, बल्कि यहाँ की माटी, शौर्य और संस्कृति में जीवित है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी विरासत से जोड़ते हैं। विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे व पर्यटन विकास के लिए सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया। दर्शकों के आग्रह पर उन्होंने “मोर गंवई ये गंगा रे” गीत भी गाया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया।

गौरव को जगाने की पहल- गुरु खुशवंत साहेब
कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कुँवरगढ़ का गौरव यहां के जन–मानस की रगों में बसता है। उन्होंने विधायक अनुज शर्मा की पहल को क्रांतिकारी बताते हुए कहा कि संस्कृति को सहेजना भी एक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है। सरकार द्वारा ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भरोसा भी दिलाया।

विधायक अनुज शर्मा का आभार
विधायक अनुज शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव सरकार का नहीं, बल्कि कुँवरगढ़ की जनता का उत्सव है। उन्होंने शहर को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और आदर्श नगर बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान का उत्साह और इतिहास की गूंज मिलकर कुँवरगढ़ की नई पहचान गढ़ रहे हैं।
गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी से बढ़ी शोभा
इस अवसर पर अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, नगर पंचायत कुंरा अध्यक्ष गोविंद साहू, उपाध्यक्ष राजा ख़ान, जनपद पंचायत तिल्दा अध्यक्ष दुलारी सुरेंद्र वर्मा, ख़रोरा नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमित सेन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत सीईओ विश्वरंजन, एसडीएम नंद कुमार चौबे, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, जनपद सीईओ आशीष केशरवानी और नगर पंचायत कुंरा सीएमओ दीपक शर्मा की उपस्थिति ने भी आयोजन को विशेष बनाया।









