Sagar News: मध्यप्रदेश। सागर में पति-पत्नी की आत्महत्या का सनसीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, शादी का जोड़ा पहने हुए दोनों का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना रहली थाना क्षेत्र के मुठिया टोला की है। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट न मिलने से अभी केस पेंचीदा लग रहा है।
शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए
परिजनों ने बुधवार देर रात कमरे का दरवाजा खोला तो पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। दोनों ने शादी के समय पहने हुए कपड़ों को पहनकर मौत को गले लगाया है। दोनों के शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। हालांकि पुलिस को शव के आसपास किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू और 21 वर्षीय काजल पटेल के रूप में हुई है।
मजदूरी करता था राजेंद्र
राजेंद्र और काजल ने तीन साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों काफी खुश रहते थे। राजेंद्र की मां का निधन हो चुका है। परिवार में राजेंद्र के पिता और एक छोटा भाई है। पेशे से राजेंद्र मजदूरी करता था हालांकि उसके पास कुछ कृषि भूमि भी है।
क्यों की आत्महत्या
दोनों ने आत्महत्या क्यों की...इस सवाल का जवाब राजेंद्र के घर वालों के पास भी नहीं है। दोनों की कोई संतान नहीं है। अगर कोई पारिवारिक कलह नहीं थी तो राजेंद्र और उसकी पत्नी ने आत्महत्या क्यों की? यह अब बड़ा सवाल बन गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इन्तजार किया जा रहा है। दोनों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। आत्महत्या का मामला मानते हुए पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।










