संतोष कश्यप- अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में CLF में लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगा है। उदयपुर ब्लॉक के जय मां भारती क्लस्टर संगठन में 23 लाख 60 हजार रुपये की हेरा-फेरी का मामला उजागर हुआ है। संगठन के पदाधिकारियों ने इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से की है।
बैठक में नहीं दिया हिसाब
आरोप है कि, लेखापाल सविता सिंह और एसी जूही सबा ने मिलकर फंड में गड़बड़ी की। बताया जा रहा है कि 19 मार्च 2026 को हुई CLF बैठक में जब हिसाब मांगा गया, तो संबंधित अधिकारियों ने सिर्फ 3 दिन का समय लिया, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। पदाधिकारियों का आरोप है कि CLF के रजिस्टर और सील को छिपाकर रखा गया है। साथ ही मानदेय में कटौती कर राशि सविता और रीना के खातों में जमा कर निकाली गई।
लेखपाल पर रकम ट्रांसफर करने का आरोप
इतना ही नहीं, लेखापाल पर कोषाध्यक्ष के खाते से 1 लाख 50 हजार रुपये जूही सबा के नाम ट्रांसफर कराने का भी आरोप है। मामला तब और गंभीर हो गया जब जिला जांच टीम के पहुंचने पर एसी जूही सबा ने पैसे लेने से इनकार करते हुए मामले को दबाने की कोशिश की।
अब संगठन के पदाधिकारियों ने मांग की है कि, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, गबन की राशि की वसूली की जाए और दोषियों को ब्लॉक से हटाया जाए। देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)