राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव के बसंतपुर क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर ठगी करने वाले संचालक और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा 'लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो' का संचालन कर युवतियों के फर्जी फोटो डाउनलोड कर फर्जी आईडी बनाकर युवकों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये लेकर धोखाधड़ी की जाती थी। आरोपियों ने बीते एक साल में 37,69,000 रुपये की ठगी की। पुलिस ने आरोपी नेहा पाठक और धर्मेन्द्र मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि, सृष्टि कॉलोनी में लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो के नाम से कार्यालय संचालित कर युवकों से ठगी की जा रही है। प्रारंभिक जांच ASP कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन द्वारा की गई। जांच में अपराध पाए जाने पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 135/2026 धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई।

युवकों से 30 से 40 हजार रुपये लिए जाते थे पैसे
थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू द्वारा टीम के साथ कार्यवाही करते हुए मौके से 07 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल जब्त किए गए। मोबाइल की जांच में कुल 2286 युवतियों के फोटो डाउनलोड पाए गए, जिनसे फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को भेजा जाता था। आरोपियों से पूछताछ में यह भी पाया गया कि रजिस्ट्रेशन, पैकेज एवं मीटिंग के नाम पर युवकों से 30 से 40 हजार रुपये तक की राशि ली जाती थी तथा बाद में किसी कारण का बहाना बनाकर संपर्क बंद कर दिया जाता था। इस प्रकार आरोपियों द्वारा सामूहिक रूप से ठगी जाने पर उनके खिलाफ धारा 318(4), 61(2), 112(2), 319, 336(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66-D आईटी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
राजनांदगांव के बसंतपुर क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर ठगी करने वाले संचालक और डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। pic.twitter.com/0m1A97yJAH
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 1, 2026
पुलिस ने ठगों से बचने की अपील
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप के माध्यम से मिलने वाले विवाह प्रस्तावों पर बिना सत्यापन के पैसे न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें।









