रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मुकेश गुप्ता और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 6 किलो गांजा और टेबलेट बरामद किया है। मुकेश गुप्ता के खिलाफ 30 से अधिक एफआईआर अलग- अलग थाने में दर्ज है। आरोपी संजू के खिलाफ भी 15 मामले दर्ज हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते पकड़ा गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी गई। यहां से लगभग 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से प्रतिबंधित सामान किया जब्त
पुलिस के अनुसार यह ठिकाना आधुनिक तकनीक से लैस था, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। इसके बाद नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी गई। मौके से मुकेश बनिया और उसका भाई संजू गिरफ्तार किए गए। तलाशी में उनके कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इन धाराओं के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (बी), 21(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया। वहीं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जांच जारी है।









