रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर ने आत्महत्या कर ली है। पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी के एक मकान में उनका शव पंखे से फंदे पर लटका मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 39 वर्शीय विंग कमांडर विपुल यादव का शव पुरैना विधायक कॉलोनी स्थित बंगला नंबर-79 के बेडरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वे हरियाणा के निवासी बताए गए हैं। इन दिनो उनकी तैनाती रायपुर ही थी।
एंटी नक्सल आपरेशन में लगी थी ड्यूटी
पुलिस के मुताबिक, वे इन दिनों छत्तीसगढ़ में चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन से जुड़े कामों में दायित्व संभाल रहे थे। सुबह घर में काम करने वाली मेड जब कमरे के पास पहुंची तो उसने विंग कमांडर का शव पंखे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दूसरे कमरे में सो रहे थे दो बच्चे, पत्नी गई है दिल्ली
पता चला है कि, घर के दूसरे कमरे में उनके दोनों बच्चे सो रहे थे। वहीं उनकी पत्नी किसी काम से दिल्ली गई थी। बताया जा रहा है कि, दोनों की 2014 में लव मैरिज हुई थी। उनकी पत्नी पहले वायुसेना में कार्यरत थीं और वर्तमान में आईटी सेक्टर में काम कर रही हैं।
नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।










