रायपुर। छत्तीसगढ़ की मिट्टी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने वाली कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी को आज राज्य सरकार ने भव्य सम्मान दिया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए 50 लाख रुपए का चेक प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका
दरअसल, बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्व कप-2025 में संजू देवी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके दमदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी’ (MVP) का खिताब भी मिला, जो न केवल उनके लिए बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
सरकार खेल और खिलाड़ियों को दे रही प्रोत्साहन
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन दे रही है। यही कारण है कि प्रदेश के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विश्वास जताया कि, संजू देवी भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहेंगी और देश-प्रदेश का नाम ऊंचा करेंगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, खेल संचालक तनुजा सलाम, संघ के अन्य पदाधिकारी और खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









