रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी है। सीएम विष्णुदेव साय ने अभिभाषण पर चर्चा में कहा कि, सबके सहयोग से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जुटे हैं। हमारा प्रदेश किसानों के परिश्रम से धान का कटोरा बना है। भाजपा हमेशा विकास की बात करती है और कांग्रेस विनाश की बात करती है। छत्तीसगढ़ में भी पिछले कार्यकाल में हमने यह देखा है।
उन्होंने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ के 25 सालों की यात्रा इस बात की गवाह है। जनता ने कांग्रेस को अवसर दिया और पांच साल में ही सरकार चली गई। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को दीमक की तरह खोखला किया। पांच साल में इंफ्रास्ट्रक्चर का एक भी प्रोजेक्ट नहीं आया। नकली होलोग्राम लगाकर शराब बेचा, स्वामी आत्मानंद को भी नहीं बख्शा। सरकार ने ऐसा कोई क्षेत्र नहीं छोड़ा जहां भ्रष्टाचार न हुआ हो। लेकिन हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार को रोककर विकास के कार्य किए।
कांग्रेस नेताओं की लड़ाई में जनता पिसती रही
सीएम श्री साय ने आगे कहा कि, कांग्रेस नेताओं की लड़ाई में जनता पिसती रही। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी सबसे जघन्य अपराध है। नेताओं के परिजनों को शासकीय नौकरी दे दी गई। हमारी सरकार ने कांग्रेस सरकार के कचरे को साफ किया। जनता की गाढ़ी कमाई में सेंध लगाने वालों को जेल भेजा। जो बड़े मगरमच्छ अभी बचे हैं वे भी नहीं बचेंगे। नक्सलवाद का खात्मा का संकल्प हमारी सरकार ने लिखा। कांग्रेस सरकार ने नक्सलवाद से लड़ने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। मैं हमारे जवानों के अदम्य साहस को नमन करता हूं। 40 साल तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से जूझता रहा। बस्तर में हमारी सरकार विकास की गंगा बहाने जा रही है।
बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं
उन्होंने आगे कहा कि, हम बस्तर में कृषि को बढ़ावा देना चाहते हैं। बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, हम उसे आगे बढ़ाना चाहते हैं। लोगों के लिए रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाना चाहते हैं। नई उद्योग नीति में हमने होम स्टे को पर्यटन का दर्जा दिए हैं। नया रायपुर में ट्राइबल म्यूजियम बनाया गया है। आज वहां हर दिन हजारों की संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। सभी को इस म्यूजियम को जाकर देखना चाहिए। अभी तक 42 हजार लोग रामलला दर्शन योजना का लाभ ले चुके हैं।










