haribhoomi hindi news
रायगढ़ जिले में लगातार हो रही उठाईगिरी, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। 

अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही उठाईगिरी, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरविन्द कुमार उर्फ अरविंद नट पत्थलगांव का रहने वाला है। उसका साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल उसका साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। 

उड़ीसा-छत्तीसगढ़ सहित कई जिलों में वारदातों को दिया अंजाम 
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ के लैलूंगा पुलिस को उठाईगिरी, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरोपी अरविंद नट अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया उर्फ ओमप्रकाश नट के साथ रायगढ़ जिले के अलावा उड़ीसा-छत्तीसगढ़ सहित कई जिलों में लगातार लूट, चोरी और उठाईगिरी के अपराधों को अंजाम दिया जा रहा था। आरोपियों की छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस को तलाश थी। 

इन वारदातों को दिया अंजाम 
विदित हो कि थाना लैलूंगा क्षेत्र अंतर्गत इसी साल जनवरी महीने में बुधवारी बाजार और TVS शो रूम के पास मोटर सायकल डिक्की से उठाईगिरी और इसी माहीने स्टेट बैंक शाखा लैलूंगा के पास से लगातार दो उठाईगिरी की घटनाएं हुई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अंतरराज्यीय इनपुट जुटाए, जिससे ग्राम शिवपुरी पत्थलगांव के आरोपी अरविंद प्रताप सिंह और ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया की आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी अरविंद प्रताप सिंह को उस समय धर दबोचा जब वह लैलूंगा क्षेत्र में फिर से उठाईगिरी की योजना बनाकर रेकी कर रहा था। 

मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कई वारदातें की कबूल
आरोपी अरविंद ने बताया कि ठेकेदारी का काम करता है। आरोपी ने रायगढ़ जिले के लैलूंगा थानाक्षेत्र में माह जनवरी 2026 में लैलूंगा के घरघोड़ा रोड में एक मो.सा. गैरेज के सामने खड़ी मो.सा. के डिक्की से करीबन 2,15000 रू. (दो लाख पन्द्रह हजार) रूपये को चोरी, जनवरी 2026 में ही बुधवारी बाजार लैलूंगा के पास खड़ी एक मो.सा. के डिक्की से 40,000 रू. चोरी, माह अप्रैल 2026 में दीवान होटल लैलूंगा के पास खड़ी एक लाल रंग के कार के कांच को लोहे के पेचकस से तोड़कर कार भीतर रखा हुआ 59,000 रू. को चोरी और माह अप्रेल 2026 में ही अग्रसेन चौक के पास खड़ी एक मो.सा. के डिक्की से 50,000 रू. चोरी करना बताया।  

लूट और चोरी के पैसों से खरीदी बाइक 
आरोपी ने लूट और चोरी के पैसों से एक मोटरसाइकिल होंडा साइइन की खरीदी की थी जिसे अपराधों में इस्तेमाल किया है और काफी रुपए घरेलू कामों में खर्च किया है। आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस और चाबी बरामद की गई है। आरोपी अरविंद की गिरफ्तारी से थाना लैलूंगा के अपराध क्रमांक 109/2026, 118/2026, 127/2026 और 130/2026 धारा 303(2) बीएनएस के मामलों का खुलासा हुआ है तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, उसका साथी ओंमप्रकाश उर्फ बच्चा अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

एसएसपी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील 
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि, सतर्क रहें, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें. अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय इस प्रकार के संगठित अपराधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन विशेषकर बैंक से लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7