Logo
रायगढ़ जिले में पुलिस ने अपनी उत्कृष्ट जांच के जरिए एक महिला और उसके परिजनों को न्याय दिलाया है।

अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या करने वाली महिला के मामले में पुलिस ने संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। तमनार पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

रसोई में फंदे पर लटकी मिली थी महिला
दअरसल ग्राम सेमीजोर की 26 वर्षीय महिला ने 6 फरवरी को अपने घर के रसोई कमरे में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तत्काल फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तमनार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट और मोबाइल में मौजूद एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपा।

महिला के आडियो से कर रहा था ब्लैकमेल
जांच में सामने आया कि, गांव का महेन्द्र गुप्ता महिला और एक युवक की बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और गलत काम के लिए दबाव बना रहा था। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने थाना तमनार में आरोपी महेन्द्र गुप्ता के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से विवो का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

5379487