आकाश पवार- पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में अवैध रेत परिवहन की खबर हरिभूमि डॉट कॉम में प्रकाशित किए जाने के बाद खनिज विभाग ने जिले में रेत और गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग की टीम ने अबतक कुल 9 ट्रैक्टर और 3 हाइवा वाहनों को अवैध खनन और परिवहन के आरोप में जब्त किया है।
विभागीय टीम ने ग्राम कोलबिर्रा में सोन नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन करते पाए गए छह ट्रैक्टरों को तुरंत जब्त कर लिया। इसी क्रम में, खोडरी और करंगरा इलाकों में गिट्टी और रेत के अवैध परिवहन में शामिल तीन हाइवा वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। इसके अतिरिक्त, खंता पिपरिया में दो ट्रैक्टर और साधवानी क्षेत्र में गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया। सभी जब्त किए गए वाहनों को खनिज नियमों के तहत कब्जे में लेकर कोटमीकला चौकी, रक्षित केंद्र अमरपुर और गार्ड परिसर गुरुकुल में सुरक्षित रखा गया है।
पेंड्रा में अवैध रेत परिवहन की खबर हरिभूमि डॉट कॉम में प्रकाशित किए जाने के बाद खनिज विभाग ने एक्शन लेते हुए 9 ट्रैक्टरों और 3 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। pic.twitter.com/n3OiNk80G6
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 26, 2026
अवैध खनन और परिवहन पर रखी जा रही कड़ी निगरानी
जिला खनिज अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि विभाग इन दिनों अवैध खनन और परिवहन पर कड़ी निगरानी रख रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निरीक्षण और सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।
पेंड्रा में अवैध रेत परिवहन की खबर हरिभूमि डॉट कॉम में प्रकाशित किए जाने के बाद खनिज विभाग ने एक्शन लेते हुए 9 ट्रैक्टरों और 3 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। pic.twitter.com/Tgx8HP2nQ3
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 26, 2026









