आकाश पवार- पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला के सरस्वती नगर वार्ड क्रमांक 2-3 दिन पहले स्थानीय वकील के घर हुई आगजनी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात नकाबपोश पेशे से वकील आशुतोष प्रताप मिश्रा के घर के आसपास गुमते दिखाए दे रहा है और थोड़ी देर तक मुआयना करने के बाद अज्ञात नकाबपोश घर के दरवाजे पर आग लगाकर वहां से फरार हो गया। गनीमत रही कि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 मार्च की रात करीब 1:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि, एक अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर वकील आशुतोष प्रताप मिश्रा के घर के बाहर पहुंचे और अपने साथ लाई बोतल में भरे ज्वलनशील पदार्थ को दरवाजे पर डालकर आग लगा दी।
गौरेला के सरस्वती नगर में वकील के घर नकाबपोश ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है। @GPM_DIST_CG #Chhattisgarh pic.twitter.com/RIHmEJRI6R
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 5, 2026
हो सकती थी कोई जनहानि
कुछ ही देर में घर के अंदर धुआं भरने लगा, जिससे घर में सो रहे आशुतोष प्रताप मिश्रा और उनके परिजनों की नींद खुल गई। स्थिति को समझते हुए परिजनों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ी जनहानि और संपत्ति का नुकसान हो सकता था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि, यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक नकाबपोश नजर आ रहा हैं। घटना की सूचना गौरेला पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।










