Logo
बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में रामजानकी मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोपेड चालक की मौके पर मौत हो गई।

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे भानुप्रतापपुर–बालोद–राजनांदगांव मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए और करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना राम जानकी मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि दल्लीराजहरा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सामने से आ रहे मोपेड चालक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

वाहनों की लगी लंबी कतार
मृतक की पहचान सामसाय मसियारे (55 वर्ष) निवासी ग्राम परसोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, वह मथाई चौक की ओर से डौंडी की तरफ जा रहे थे, तभी राम जानकी मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे भानुप्रतापपुर-बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने की कोशिश कर रही है। इधर, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की पूरी घटना कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
 

5379487