सूरज सोनी - खरोरा। बेमेतरा जिले में पदस्थ कार्यपालन अधिकारी प्रवीण लाटा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम (NSTFDC) के 25वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया। उनके प्रयासों को जनजातीय समुदाय को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने में महत्वपूर्ण माना गया।
मंत्री जुएल ओराम ने निगम के जन-केंद्रित दृष्टिकोण को रेखांकित किया, जिसके तहत NSTFDC बिना किसी गारंटी के वित्तीय सहायता प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि निगम अब तक 16 लाख से अधिक ऋण वितरित कर चुका है, और कुल संवितरण 4,000 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उन्होंने इसे जनजातीय उद्यमिता के लिए एक उत्प्रेरक और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्थापना दिवस में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
नई दिल्ली के विश्व युवा केंद्र में आयोजित समारोह में जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव श्रीमती रंजना चोपड़ा, संयुक्त सचिव श्री अनंत प्रकाश पांडे और NSTFDC के CMD श्री टी. रौमुआन पाइते सहित देशभर की राज्य चैनलिंग एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर NSTFDC के मध्य क्षेत्र के प्रमुख श्री विकास रंजन भी मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ से प्रवीण लाटा को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पदस्थ कार्यपालन अधिकारी प्रवीण लाटा का विशेष रूप से स्वागत किया। NSTFDC सावधि ऋण योजना के तहत जनजातीय समुदायों को व्यवसायिक गतिविधियों से जोड़ने में उनके उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की गई। मंत्री ने लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)








