haribhoomi hindi news
डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) लागू करने के फैसले का समर्थन किया।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के पलारी में आयोजित हजरत सैयद अब्बास अली के सालाना उर्स कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने शिरकत की। देर रात पहुंचे डॉ. राज ने दरगाह में हाजिरी लगाकर मजार पर चादर चढ़ाई और प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि के लिए दुआ की।

जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस धार्मिक आयोजन में कसडोल विधायक संदीप साहू, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा सहित भाजपा और कांग्रेस के कई स्थानीय नेता भी शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया।

जायरीनों की भीड़, आध्यात्मिक माहौल
उर्स के मौके पर बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचे। पूरी रात इबादत और दुआओं का सिलसिला चलता रहा, जिससे पलारी क्षेत्र का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।

UCC पर सरकार के फैसले का स्वागत
मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) लागू करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।

संविधान सर्वोपरि, तुष्टीकरण की राजनीति खत्म
डॉ. सलीम राज ने कहा कि देश अब किसी विशेष वर्ग या विचारधारा के आधार पर नहीं, बल्कि संविधान के अनुसार संचालित होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून का शासन ही लोकतंत्र की असली पहचान है और उसी दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7