Logo
election banner
सामुदायिक भागीदारी को जोर देने और पोषक तत्वों की मात्रा में वृद्धि करने प्रयोग के लिए स्कूलों में न्योता भोज परोसा जाएगा। उस दिन मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं होगा।

रायपुर। स्कूलों में अब न्योता भोजन योजना लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत जन सामान्य स्कूलों में छात्रों को खाना खिला सकेंगे। मध्यान्ह भोजन के स्थान पर छात्रों को यह न्योता भोज प्रदान किया जाएगा। सामुदायिक भागीदारी को जोर देने और पोषक तत्वों की मात्रा में वद्धि करने यह  व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया गया है। जो व्यक्ति छात्रों को भोजन कराना चाहते हैं, उन्हें इसकी जानकारी पूर्व में ही देनी होगी। उस दिन विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के स्थान पर संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा न्योता भोज कराया जाएगा, अर्थात जिस दिन स्कूलों में न्योता भोज परोसा जाएगा उस दिन मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं होगा। व्यक्ति या संस्था विभिन्न त्यौहारों या अवसरों जैसे वर्षगांठ, जन्मदिन, विवाह और राष्ट्रीय पर्व आदि पर छात्रों को भोजन करा सकेंगे।

केवल पौष्टिक भोजन ही

न्योता भोजन के अंतर्गत छात्रों को जो भोजन प्रदान किया जाना है, उसके संदर्भ में गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है। छात्रों को पूरक पोषण के रूप में मिठाई,
नमकीन,फल या अंकुरित अनाज आदि के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान कर सकते हैं। मौसमी फल, ताजी सब्जियों और अन्य पोषक तत्व छात्रों को प्रदान किए जा सकेंगे। छात्रों को भोजन परोसे जाने से पहले शिक्षकों तथा रसोइयों द्वारा इसकी जांच की जाएगी। गरम भोजन को प्राथमिकता देने कहा गया है। पैक्ड फूड देने की स्थिति में एक्सपायरी तिथि व अन्य चीजों का ध्यान रखने कहा गया है। जो खाद्य पदार्थ छात्रों को बांटे जाएंगे, उनका वितरण आसान होना चाहिए। इसके अलावा अन्य विस्तृत गाइडलाइन न्योता भोज के लिए जारी किए गए हैं।

बच्चों से पूछी जाएगी पसंद

न्योता भोज कराने वाले व्यक्ति अथवा संस्था बच्चों से उनकी पसंद भी पूछ सकते हैं। बच्चों से भोजन संबंधित उनकी रुचि जानकार मेन्यू तैयार किया जाएगा। न्योता भोज देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को शाला द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा, ताकि इस योजना को प्रोत्साहन मिल सके। जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा गया है कि वे इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए अपने स्तर पर अभियान चलाएं।

बढ़ेगी गुणवत्ता

रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने बताया कि,जिस दिन न्योता भोज परोसा जाएगा, उस दिन मध्यान्ह भोजन की राशि बचेगी। इस राशि का प्रयोग अन्य दिनों के मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बढ़ाने में किया जाएगा।

5379487