haribhoomi hindi news
हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जारी की नई सूची में देशभर में अब केवल 6 जिले ही नक्सल प्रभावित हैं। इनमें 4 जिले छत्तीसगढ़ के हैं।

राजेश दास- जगदलपुर। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा जारी की नई सूची में देशभर में अब केवल 6 जिले ही नक्सल प्रभावित हैं। इनमें चार जिले छत्तीसगढ़ के हैं। सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के साथ गरियाबंद जिला भी इस सूची में शामिल है। वहीं बस्तर व कोण्डागांव को नक्सलमुक्त की श्रेणी में रखा गया है। इस लिस्ट में इसके अलावा झारखण्ड का वेस्ट सिंहभूम व ओडिशा का कंधमाल जिला शामिल है। बस्तर के इन पांच जिलों में तीन जिले सुकमा, बीजापुर व नारायणपुर में फोर्स विशेष अभियान चला रही है जहां वर्दीधारी नक्सलियों की तादात अधिक है। इन तीन जिले में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा एजेंसियों ने फाइनल आपरेशन की तैयारी तेज कर दी है मुठभेड़ों में लगातार टॉप मोस्ट नक्सलियों के मारे जाने के बाद वर्तमान में बचे हुए शीर्ष नक्सलियों समेत लगभग सौ नक्सलियों की पहचान कर उन्हें समर्पण करने लगातार अपील की जा रही है।

माओवादी प्रभाव तथा हिंसक घटनाओं में आई गिरावट
माओवादी प्रभाव तथा हिंसक घटनाओं में आई स्पष्ट गिरावट सुरक्षा बलों, स्थानीय पुलिस और आम नागरिकों के संयुक्त, सतत एवं समर्पित प्रयासों का परिणाम है। सुदूर ग्रामीण अंचलों तक शासन की पहुंच बनी है। आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का प्रभावी क्रियान्वयन तथा निरंतर विश्वास निर्माण हुआ है। विशेषकर युवाओं एवं जनजातीय समुदायों में मुख्यधारा से जुड़ने की सकारात्मक आकांक्षा सामने आई है।

सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में रणनीतिक आपरेशन
बस्तर आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि, मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त बस्तर के संकल्प की प्राप्ति करने सातों जिलों में समन्वित और बहुस्तरीय कार्ययोजना लागू की गई है जिसके अंतर्गत विशेष रूप से सुकमा, बीजापुर एवं नारायणपुर जिलों में लक्षित रणनीतिक अभियान संचालित किए जा रहे हैं। जनता के सहयोग, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और प्रशासन की दृढ़ प्रतिबद्धता के बल पर बस्तर शीघ्र ही पूर्ण शांति, सुरक्षा और सतत विकास का सशक्त उदाहरण बनकर उभरेगा।

पिछले डेढ़ वर्ष में फोर्स ने नक्सलियों की तोड़ी रीढ़
बस्तर में तैनात सुरक्षाबलों ने बीते डेढ़ वर्ष में नक्सलियों की कमर तोड़कर रख दी। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कोर इलाकों में आपरेशन कर एक तरह से नक्सलियों को चुनौती देते हुए अभियान संचालित किया। फोर्स ने पिछले डेढ़ वर्ष में 4 सौ से अधिक हार्डकोर नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया इन नक्सलियों में 23 करोड़ 68 लाख रूपए का ईनाम केवल छग में घोषित था। सुरक्षाबलों ने इन डेढ़ वर्षों में 1 करोड़ के ईनामी सेन्ट्रल कमेटी मेंबर के अलावा सीसी मेंबर, सेन्ट्रल जोनल कमेटी मेंबर, डीवीसी मेंबर, एरिया कमेटी मेंबर, मिलिशिया मेंबर, एलओएस मेंबर, एलजीएस मेंबर, स्मॉल एक्शन टीम मेंबर, जनमिलिशिया मेंबर, के अलावा जनताना सरकार, डीऐकेएमएस, केएएमएस, सीएनएम, रेंज कमेटी, जीआरडी, आरपीसी, टेक्निकल टीम, सप्लाई टीम समेत अन्य मेंबर को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में 259 पुरुष व 152 महिला नक्सली शामिल है।


 

7