सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नगर निगम एवं राजस्व विभाग द्वारा अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गोकुलपुर वार्ड (लाइवलीहुड कॉलेज के पीछे) क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
जांच के दौरान पाया गया कि, राजेन्द्र यदु, युगलकिशोर यदु और पवन कुमार यदु पिता रामकुमार यदु द्वारा अपनी स्वामित्व की भूमि खसरा क्रमांक 37/2 में शामिल है। 38/2, 3715, 78/11 रकबा 1.011 हेक्टेयर और खसरा क्रमांक 3715 में शामिल है। 30/5 रकबा 0.2740 हेक्टेयर भूमि पर बिना अनुमति अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
धमतरी में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: गोकुलपुर में अवैध प्लॉटिंग, सड़क निर्माण ध्वस्त कर सामग्री कर ली जब्त@DhamtariDist #Chhattisgarh #illegalplotting pic.twitter.com/h6jGXbDKxi
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 18, 2026
मुरुम और अन्य सामग्री जब्त
वहीं विनोद पिता आसनदास और प्रियंका पति विनोद आडवानी की स्वामित्व वाली भूमि खसरा क्रमांक 78/20, 78/29 रकबा 0.2022 हेक्टेयर में भी अवैध रूप से प्लॉट विकसित करने के उद्देश्य से मुरुम डालकर सड़क निर्माण किया गया था। इसकी जानकारी होने पर संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित मार्ग को जेसीबी मशीन के माध्यम से ध्वस्त किया गया। उपयोग में लाई गई मुरुम और अन्य सामग्री को जब्त किया गया। संबंधित व्यक्तियों को बिना सक्षम अनुमति के प्लॉटिंग न करने की कड़ी हिदायत दी गई । भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के न करें प्लॉटिंग
नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे थे। मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि, बिना सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग/भू-विकास कार्य न करें। भूमि क्रय-विक्रय से पूर्व संबंधित अभिलेखों एवं अनुमतियों की भली-भांति जांच कर लें, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी से बचा जा सके। जिला प्रशासन द्वारा अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।









