राहुल भोई- महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सिंघोडा पुलिस की सतर्कता से 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 225 किलो गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर नशीला माल खपाने जा रहे थे।
महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, गांजा तस्करी की बड़ी खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर सिंघोडा पुलिस ने रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक टाटा योद्धा पिकअप वाहन को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में गांजा लोड था।
मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की निवासी हैं सभी आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि, पिकअप वाहन में 9 बोरियों में कुल 213 पैकेट गांजा रखा गया था, जिसका कुल वजन 225 किलो है। इस गांजे की बाजार कीमत लगभग 1.12 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 2 आरोपी मध्यप्रदेश और 4 आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। सभी आरोपियों की उम्र 23 से 48 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
दो वाहन सहित 225 किलो गांजा जब्त
तस्करी के इस नेटवर्क में पिकअप वाहन के साथ एक पायलटिंग वाहन भी शामिल था, जिसमें 4 आरोपी सवार थे, जो रास्ते की निगरानी और पुलिस से बचने में मदद कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो वाहन सहित 225 किलो गांजा जब्त कर लिया है और सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।










