कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शासकीय शराब दुकानों की व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में बनी हुई है। ताजा मामला हथबंद स्थित शासकीय शराब दुकान का है, जो एक बार फिर विवादों में आ गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शराब दुकान के कर्मचारी कथित तौर पर कोचियों (थोक खरीदारों) को बोरी में भरकर बड़ी मात्रा में देशी शराब दे रहे हैं। वीडियो में एक ग्राहक को प्लास्टिक की बोरी में 200 पाव से अधिक देशी मसाला शराब देते हुए दिखाया गया है। जबकि नियमों के अनुसार किसी भी ग्राहक को 20 पाव से अधिक शराब देने की अनुमति नहीं है, लेकिन यहां नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। इस घटना ने आबकारी नियमों की गंभीर अवहेलना को उजागर किया है।
बलौदाबाजार जिले में शासकीय शराब दुकान के कर्मचारी कथित तौर पर कोचियों (थोक खरीदारों) को बोरी में भरकर बड़ी मात्रा में देशी शराब दे रहे हैं। pic.twitter.com/0PWdSbsWfo
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 29, 2026
संदेह के दायरे में पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका
वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर भी संदेह गहराता जा रहा है। बार-बार शिकायतों और वायरल वीडियो के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग क्या कदम उठाते हैं, और दोषियों पर किस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।
एक दिन पहले ओवररेटिंग का विरोध करने पर ग्राहकों के साथ हुई थी मारपीट
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी हथबंद शराब दुकान के कर्मचारी ओवररेटिंग का विरोध करने पर ग्राहकों के साथ मारपीट कर चुके हैं, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।










