haribhoomi hindi news
कोंडागांव पुलिस ने जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए गुम हुए लाखों रुपये के मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए।

अमन जमील खान- कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव पुलिस ने एक बार फिर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए गुम हुए लाखों रुपये के मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। एसपी आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने विशेष अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की।

साइबर सेल ने ढूंढ निकाले महंगे मोबाइल
ASP कपिल चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) नरेंद्र पुजारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास करते हुए हाल ही में 22 गुम मोबाइल बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइलों में आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, वीवो और रेडमी जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं, जिन्हें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित ओडिशा से भी ट्रेस किया गया। 

समारोह में मोबाइल वितरण, लोगों के चेहरे खिले
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी और पुलिस के इस कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। 

 Police returned lost mobile phones to their owners

अब तक 1800 से अधिक मोबाइल किए जा चुके हैं बरामद
कोंडागांव साइबर सेल की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 1800 से अधिक गुम मोबाइल खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। बरामद मोबाइलों का कुल बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये आंका गया है।

जनता को दी महत्वपूर्ण सलाह
मोबाइल लौटाते समय पुलिस ने नागरिकों को मोबाइल सुरक्षित रखने की सलाह दी और उपयोग से पहले उसे फॉर्मेट करने को कहा। साथ ही एसपी श्रीश्रीमाल ने अपील की कि किसी को भी यदि अन्य का मोबाइल मिले तो उसे नजदीकी थाने में जमा करें तथा बिना बिल के मोबाइल खरीदने से बचें।

साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूक किया
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूकता संदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को सूचित करें। कोंडागांव पुलिस की इस पहल ने न केवल लोगों का खोया सामान लौटाया, बल्कि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास भी और मजबूत किया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7