संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में चल रहे पिलारी नहर गौरव पथ निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर उठी शिकायत के बाद बड़ा एक्शन देखने को मिला।मोहल्लेवासियों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और एस्टीमेट से हटकर काम किए जाने की शिकायत डिप्टी सीएम विजय शर्मा से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष खुद मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क किनारे बनाई जा रही नाली का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं है और गुणवत्ता में भी कमी है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने मौके पर ही बुलडोजर मंगवाकर निर्माणाधीन नाली को तुड़वा दिया। इस कार्रवाई से निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों में हड़कंप मच गया।
कवर्धा शहर में चल रहे पिलारी नहर गौरव पथ निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर हुई शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर तुड़वा दिया। pic.twitter.com/yKbAISv8DZ
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 23, 2026
ठेकेदार को दिए सख्त निर्देश- नगर पालिका अध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि जिस इंजीनियर के मार्गदर्शन में यह कार्य हो रहा था, उसके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नाली का निर्माण एक समान स्तर और तय मानकों के अनुसार ही किया जाए।
स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से वे घटिया निर्माण को लेकर शिकायत कर रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी। अब प्रशासन की सख्ती से उम्मीद जगी है कि आगे निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ होगा।
लापरवाही पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई- नगर पालिका प्रशासन
नगर पालिका प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








