गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरादुल में शव दफन को लेकर एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई है। धर्मांतरण कर चुकी एक महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर गांव में तनाव का माहौल पैदा हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला के निधन के बाद उसके परिजन ईसाई रीति-रिवाज से शव को दफनाना चाहते हैं, लेकिन गांव के ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने का दबाव बना रहे हैं। मृतका के पोते ने ग्रामीणों की बात मानने से साफ इंकार कर दिया है, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
कांकेर जिले के तरादुल गांव में धर्मांतरित महिला की मौत के बाद शव दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीण पारंपरिक रीति से अंतिम संस्कार की मांग कर रहे हैं। @KankerDistrict #Chhattisgarh #Conversion pic.twitter.com/Ehy1PbhrMZ
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 8, 2026
तरादुल गांव में तनाव का माहौल
ग्रामीणों ने गांव में शव दफनाने का विरोध करते हुए इसकी अनुमति नहीं दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन स्थिति को संभालने की कोशिश में जुटी हुई है। फिलहाल, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
शव दफ़नाने को लेकर धमतरी के एक गांव में विवाद
वहीं कुछ सप्ताह पहले ही नगरी क्षेत्र अंतर्गत दुगली थाना क्षेत्र के गुहाननाला गांव में भी एक बार फिर धार्मिक संवेदनशीलता से जुड़ा मामला सामने आया। 70 वर्षीय तितरो बाई का 3 फरवरी को निधन हो गया था। निधन के पश्चात उनके परिजनों द्वारा गांव में ही उनका शव दफनाया गया।
आठ साल पहले स्वीकार कर लिया था ईसाई धर्म
बताया जा रहा है कि, लगभग 8 वर्ष पूर्व तितरो बाई सहित उनके परिवार के सदस्यों ने ईसाई धर्म स्वीकार कर लिया था। इसी आधार पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया दफन विधि से की गई। इस घटना के बाद आदिवासी समाज एवं कुछ ग्रामीणों ने महिला के शव को कब्र से बाहर निकालने की मांग शुरू कर दी है। इसे लेकर गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है।
नगरी क्षेत्र अंतर्गत दुगली थाना क्षेत्र के गुहाननाला गांव में एक बार फिर धार्मिक संवेदनशीलता से जुड़ा मामला सामने आया है। इसे लेकर गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। pic.twitter.com/CvyPo4zIFc
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 14, 2026
ग्रामीणों को समझाने में जुटा प्रशासन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर सीआरपीएफ के जवानों के साथ दुगली थाना पुलिस बल भारी संख्या में तैनात है। प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है तथा कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।










