Logo
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के प्रथम नगर आगमन पर कोतबा में ऐतिहासिक उत्साह, युवाओं ने बाइक रैली, रक्त तिलक और तुलादान कर स्वागत किया।

मयंक शर्मा - कोतबा / जशपुर। छत्तीसगढ़ में जिला जशपुर के कोतबा ने रविवार को एक अभूतपूर्व दृश्य देखा, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जशपुर जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव पहली बार नगर पहुंचे। उनका स्वागत इतना ऐतिहासिक रहा कि पूरा कोतबा 'भारत माता की जय', 'जय श्री राम' और 'जय-जय जूदेव' के नारों से गूंज उठा। युवाओं का उत्साह इस कदर था कि कारगिल चौक पर उन्होंने अपने रक्त से तिलक कर विजयादित्य का अभिनंदन किया।

धर्मनगरी कोतबा में स्वागत का ऐतिहासिक नज़ारा
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में स्वागत विशाल रूप में शुरू हुआ। नगर सीमा से प्रवेश के साथ ही अघरिया पारा, गौण पारा, परशुराम चौक, बस स्टैंड होते हुए रायगढ़िया चौक तक हजारों युवाओं ने बाइक रैली निकाली। जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई और पूरा नगर उत्साह से सराबोर रहा। विजय आदित्य सिंह जूदेव सबसे पहले बूढ़ा महादेव मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने श्रीफल अर्पित कर दिव्य आशीष लिया। इसके बाद कर्मा पार्टी की धुन पर पैदल नगर भ्रमण करते हुए उन्होंने परिवार की तरह नगरवासियों का अभिवादन स्वीकार किया। कारगिल चौक पर भव्य ‘रक्त तिलक’ और फलों से तुलादान ने स्वागत को ऐतिहासिक बना दिया।

Vijayaditya Singh Judev

विरासत के प्रहरी हैं विजय आदित्य- आनंद शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा ने युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय गुप्ता और पूरी टीम को आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव की राजनीतिक विरासत को याद करते हुए बताया कि कैसे उनके अदम्य साहस ने जशपुर को गौरव प्रदान किया। उन्होंने कहा कि उसी विरासत को आज विजय आदित्य आगे बढ़ा रहे हैं और युवाओं में जोश भर रहे हैं।

मैं नेता नहीं, आपका बेटा और भाई हूँ- विजय आदित्य सिंह जूदेव
मुख्य अतिथि विजय आदित्य सिंह जूदेव ने अपने ओजस्वी सम्बोधन से युवाओं में नई ऊर्जा भर दी। उन्होंने अपने आदर्श स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव को याद करते हुए कहा कि वे आज भी जशपुर के कण-कण में जीवित हैं। भावुक होकर उन्होंने कहा कि, 'मैं यहाँ नेता बनकर नहीं, आपका बेटा, भाई और भतीजा बनकर आया हूँ। आधी रात को भी यदि परिवार के किसी सदस्य को जरूरत होगी, मैं साथ खड़ा रहूंगा।' उन्होंने कोतबा को धर्मभूमि बताते हुए कहा कि यहाँ का प्रेम और सम्मान जीवनभर उनका संबल रहेगा।

वरिष्ठ नेताओं और युवाओं की विराट उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष जगेश्वर यादव, जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, अजय गुप्ता, श्याम साहू, धर्मसेवक बंजारा, सुनील शर्मा, कन्हाई यादव, कौशल्या नारंग, भदर साय सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, युवा कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और पारंपरिक सम्मान की झलक स्पष्ट दिखी।

संगठन के प्रति आभार और युवा शक्ति पर भरोसा
मीडिया से बातचीत में विजयादित्य ने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जशपुर मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के कारण जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि उनकी युवा टीम हर चुनौती को अवसर में बदलेगी।

Vijayaditya Singh Judev

युवाओं का ‘रक्त तिलक’- अभूतपूर्व सम्मान
कोतबा पहुँचने पर युवाओं द्वारा ‘रक्त तिलक’ लगाया जाना कार्यक्रम की सबसे भावनात्मक और रोमांचक झलक थी। विजयादित्य ने इसे युवाओं का समर्पण बताया और कहा कि यह परंपरा नहीं, बल्कि जशपुर के युवा की राष्ट्रभावना और त्याग का प्रतीक है।

5379487