उमेश सिंह बशिस्ट- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के युवाओं के लिए प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर लेकर युवा उत्सव 2026 का आयोजन 24 और 25 अप्रैल को किया जा रहा है। इस दो दिवसीय इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में खेल, संस्कृति, तकनीक और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने का माध्यम
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि, यह उत्सव युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास का माध्यम बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
हर क्षेत्र में दिखेगा युवाओं का टैलेंट
उत्सव में 20 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें वाद-विवाद, क्विज, नुक्कड़ नाटक, एकल एवं समूह नृत्य, गायन, म्यूजिकल बैंड, फोटोग्राफी, रैंप वॉक, आर्ट एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी और फूड फेस्ट शामिल हैं। यह मंच रचनात्मकता और आत्मविश्वास को नई पहचान देगा।
तकनीक और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
आधुनिक दौर को ध्यान में रखते हुए एआई प्रतियोगिता, साइंस एवं कृषि तकनीकी प्रदर्शनी, रोबोटिक्स वर्कशॉप और स्टार्टअप गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इससे युवा नई तकनीकों को समझते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे।
सांस्कृतिक संध्या में सजेगा सुरों का जादू
24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय संध्या में प्रसिद्ध कलाकार आरु साहू प्रस्तुति देंगी। साथ ही गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा (राजिम) और आवाज क्रांति बैंड (रायपुर) भी रंग जमाएंगे। 25 अप्रैल को वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी युवाओं को प्रेरित करेंगे, वहीं बस्तर का चर्चित वायरा बैंड अपनी प्रस्तुति से समा बांधेगा।
वर्कशॉप से मिलेगा प्रैक्टिकल नॉलेज
ई-सेल के तहत फोटो एडिटिंग, यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन, मेंटल हेल्थ और एआई पर वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। ये सत्र युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेंगे।
खेल प्रतियोगिताओं से बढ़ेगी ऊर्जा
खेल गतिविधियों में खो-खो, कबड्डी, दौड़, शतरंज और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं होंगी, जो युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और फिटनेस को बढ़ावा देंगी। कुल मिलाकर, युवा उत्सव 2026 धमतरी के युवाओं के लिए एक ऐसा मंच बनेगा, जहां प्रतिभा, तकनीक और संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिलेगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)







