नगरी । धमतरी जिले के नगरी से करीब सात किलोमीटर दूर उदंती-सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी का खुलासा किया है। सिहावा थाना क्षेत्र के नगरी-देवभोग मार्ग पर ग्राम सांकरा स्थित हाईटेक बेरियर में जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
संदिग्ध हरकत से खुला राज
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र की गाड़ी नंबर MH-10 DQ-4294 की मारुति सुजुकी एर्टिका में सवार दो युवक बेरियर पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी घबराहट और जल्दबाजी ने कर्मचारियों को संदेह में डाल दिया। जब टीम ने वाहन की तलाशी लेने की बात कही, तो आरोपियों ने डिक्की नहीं खुलने का बहाना बनाकर जांच से बचने की कोशिश की।
डिक्की से मिला एक क्विंटल से ज्यादा गांजा
सख्ती से जांच करने पर कार की डिक्की से गांजा के पैकेट बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब एक क्विंटल से अधिक गांजा 62 पैकेट में भरा हुआ था। यह देख मौके पर मौजूद टीम भी हैरान रह गई।
सिहावा थाना क्षेत्र के नगरी-देवभोग मार्ग पर ग्राम सांकरा स्थित हाईटेक बेरियर में जांच के दौरान एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। करीब एक क्विंटल से अधिक गांजा 62 पैकेट में भरा हुआ था। @DhamtariDist @DhamtariP #marijuanacaught #Forestdeptaction pic.twitter.com/D1dKAgfzJr
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 21, 2026
महाराष्ट्र के दो युवक गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान स्वप्निल मलिक (पिता महेश कुमार मलिक, उम्र 31 वर्ष, महाराष्ट्र) और संदीप विष्णु खोत (पिता विष्णु खोत, उम्र 31 वर्ष, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। दोनों युवक लंबे समय से तस्करी में संलिप्त होने की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग से पुलिस को सौंपा मामला
कार्रवाई के बाद वन विभाग ने गांजा और वाहन को अपने कब्जे में लेते हुए आगे की जांच के लिए सिहावा पुलिस को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)







