haribhoomi hindi news
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज भाजपा महिला मोर्चा ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के समर्थन और विपक्ष के विरोध में एक विशाल 'जन आक्रोश महिला पद यात्रा' निकाली।

लखनऊ: राजधानी लखनऊ आज केसरिया रंग में रंगी नजर आई, जब 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को लेकर भाजपा ने विशाल 'जन आक्रोश महिला पद यात्रा' निकाली। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस द्वारा महिला आरक्षण बिल में कथित अड़ंगेबाजी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करना था।

हजारों की संख्या में शामिल महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विपक्ष विरोधी नारे लगाए। भाजपा ने साफ संदेश दिया कि अब महिलाएं अपनी भागीदारी के लिए किसी के रहमोकरम पर नहीं, बल्कि अपने अधिकार के साथ आगे बढ़ेंगी।

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस पद यात्रा का हिस्सा बने और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने दशकों तक महिला आरक्षण बिल को लटकाए रखा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' अब हकीकत बन चुका है।

उन्होंने सपा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि "देख सपाई, बिटिया घबराई" का नारा आज यूपी की हकीकत है, क्योंकि जनता भूली नहीं है कि किस तरह से महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया गया था। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार में बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है।

​पद यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा "देख सपाई बिटिया घबराई" के नारे की रही। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब भी सपा सत्ता में रही, प्रदेश में अराजकता और अपराध का बोलबाला रहा, जिससे महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित महसूस करती थीं।

यात्रा के माध्यम से भाजपा ने आगामी चुनावों से पहले महिला मतदाताओं को एकजुट करने का बड़ा दांव खेला है। महिलाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे सशक्त भारत के निर्माण में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को धरातल पर उतारने में अपनी पूरी ताकत लगा देंगी।

​यह पद यात्रा केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा के 'मिशन-2027' की चुनावी शंखनाद के रूप में देखी जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के बहाने भाजपा ने महिलाओं के बीच अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली है।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। पद यात्रा के समापन पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और प्रदेश में सुरक्षित माहौल के लिए सरकार की तारीफ की।

7