Logo
छत्तीसगढ़ में पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति के मामले को लेकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति के मामले को लेकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। इस संबंध में राज्य सरकार के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वह डीजीपी के पद पर नियुक्ति के संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी की गई नियुक्ति अधिसूचना की एक प्रति भेजे या एक जवाब प्रस्तुत करे, जिसमें देरी का कारण, या सर्वोच्च न्यायालय के जून 2018 के उपरोक्त आदेश का पालन न करने का कारण स्पष्ट किया गया हो। इस आदेश में अन्य बातों के साथ-साथ, राज्य सरकार को यह निर्देश दिया गया था कि वह संघ लोक सेवा आयोग द्वारा तैयार किए गए पैनल में से किसी एक व्यक्ति को नियुक्त करे। नियुक्ति की वर्तमान स्थिति भारत के सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की जानी है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार पिंगुआ को भी संबोधित किया गया है। 

यूपीएससी द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है, छत्तीसगढ़ में डीजीपी (पुलिस बल के प्रमुख) के पद पर नियुक्ति के संबंध में 13 मई 2025 को आयोजित पैनल चयन समिति की बैठक में डीजीपी के पद पर नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करने के बाद, आयोग ने नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करने के बाद, आयोग ने ईसीएम की कार्यवाही मिनिट्स की एक प्रति छत्तीसगढ़ सरकार को इस अनुरोध के साथ भेजी थी कि वे डीजीपी की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना की एक प्रति भेजें। हालांकि नियुक्ति की अधिसूचना की एक प्रति राज्य सरकार से अभी भी प्रतीक्षित है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में अरुण देव गौतम डीजीपी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति पूर्णकालिक नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया है ये आदेश 
पत्र में कहा गया है कि सर्वोच्च न्यायालय ने अपने 2018 के निर्णय में, जो गृह मंत्रालय द्वारा प्रकाश सिंह और अन्य बनाम भारत संघ और अन्य में दायर एक आईए के संबंध में दिया गया था, अन्य बातों के साथ-साथ स्पष्ट रूप से यह निर्देश दिया था कि राज्य सरकार संघ लोक सेवा आयोग द्वारा तैयार किए गए पैनल में से किसी एक व्यक्ति को तत्काल नियुक्त करे। सुप्रीम कोर्ट के हवाले से यह भी कहा गया है कि यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि यूपीएससी उन अधिकारियों की पात्रता निर्धारित करेगा, जो वर्तमान में विचार क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, और उसके मुताबिक, पैनल चयन के प्रयोजनार्थ उनकी आपसी योग्यता निर्धारित करेगा। बात चाहे जो भी हो, यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रकाश सिंह के मामले में दिए गए निर्देशों का कोई उल्लंघन न हो, हम इसके द्वारा यूपीएससी को यह अधिकार देते हैं कि वह सबसे पहले राज्य सरकारों को पत्र लिखकर यह कहे कि जब भी ऐसा अवसर आए, वे अपने-अपने पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए समय पर प्रस्ताव भेजें और यदि ऐसा प्रस्ताव समय पर जमा नहीं किया जाता है तो हम यूपीएससी को निर्देश देते हैं कि वह इस न्यायालय के निर्देशों को लागू करवाने के लिए, प्रकाश सिंह के मामले में इस न्यायालय के समक्ष एक उचित आवेदन प्रस्तुत करे। पत्र में यूपीएससी ने ये भी कहा है कि यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि इसके आवश्यक परिणाम भुगतने होंगे, जिसमें देरी के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही भी शामिल है।
 

7