Logo
रविवार को मुंगेली में 'हरिभूमि-आईएनएच के जिला संवाद 2026' कार्यक्रम में प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से खास बातचीत की। 

मुंगेली। छत्तीसगढ़ सरकार के उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा है कि, अगले कई सालों तक तो राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने की कोई संभावना नहीं है। पूर्ण बहुमत से हर चुनाव में भाजपा की जीत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि, सत्ता में बैठी सरकार की नीयत यदि सच्ची हो तो जन कल्याणकारी योजनाएं बनती हैं और लोगों तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि, पिछले दो सालों में मुंगेली जिले के लिए 1500 करोड़ के काम स्वीकृत हुए हैं और उन पर तेजी से कम हो रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री और शासन में बैठे अधिकारी लगातार इन कामों की मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं। मुंगेली जिला जल्द ही अग्रणी जिलों में शुमार होगा। मुंगेली में हरिभूमि-आईएनएच के जिला संवाद 2026 कार्यक्रम के दौरान प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से अनेक मुद्दों पर खास बातचीत की।

डॉ. द्विवेदीः 2023 में भाजपा के पूर्ण बहुमत से चुनाव जीतने के बाद लोग आपको मुख्यमंत्री के तौर पर देख रहे थे, उपमुख्यमंत्री के तौर पर कैसा काम चल रहा है?
डिप्टी सीएम :
मुंगेली जिले से मुझे शिक्षा और संस्कार दोनों मिला है। मैंने जब 1990 में एक कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी में काम करना शुरू किया था तो कभी नहीं सोचा था कि विधायक या सांसद बनूंगा। प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनना तो बहुत दूर की बात है। पार्टी ने मुझे यह जिम्मेदारी दी है इसके लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं और ईमानदारी से पूरा काम करने की कोशिश कर रहा हूं।

डॉ. द्विवेदीः कांग्रेस के 5 साल और भाजपा के इस 2 साल के कार्यकाल को किस तरह देखते हैं?
डिप्टी सीएम: यह बताते हुए गर्व से सीना चौड़ा हो जाता है कि, हमने पिछले दो सालों में जनकल्याणकारी योजनाएं गरीब, वंचित वर्ग के लोगों के लिए लागू की है। 36 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास देने का काम इस सरकार ने किया है तो 90 लाख महिलाओं को महतारी बंधन योजना के तहत एक हजार की राशि हर महीने दी जा रही है। भूपेश सरकार में जो बजट दस हजार करोड़ का हुआ करता था वह हमारी सरकार में 35 हजार करोड़ रुपए का हो चुका है। यह बात समझनी और जाननी होगी कि सत्ता में बैठे लोग की नीयत जब बेहतर होगी तभी जनता उनको चुनेगी। सत्ता में बैठे लोगों की नीयत से ही सरकार चलती है और योजनाएं जमीनी धरातल पर उतर पाती हैं। 2014 में जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी उसके बाद ही हर घर शौचालय, हर घर रसोई, हर घर बेहतर पेयजल की व्यवस्था और हर घर प्रधानमंत्री आवास योजना पर काम हो सका है। इसी अच्छी सोच के साथ ही प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने 2000 में छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाने का फैसला किया जबकि उन्हें यह मालूम था कि राज्य बनने के बाद यहां सरकार कांग्रेस की बनेगी। पिछले दो सालों में और भाजपा के पिछले 15 सालों में शत प्रतिशत गांव में विद्युतीकरण का काम हुआ है।

डॉ. द्विवेदी : पिछले कुछ दिनों से अफीम की खेती पर काफी चर्चा हो रही है इस पर क्या कहेंगे?
डिप्टी सीएम : कांग्रेस सरकार के 5 सालों में जो नशे का कारोबार तेजी से फैला था यह उसी का परिणाम है। कांग्रेसियों ने छत्तीसगढ़ को नशे का घर बनाकर छोड़ दिया था। अभी जोअफीम की खेती पकड़ी जा रही है वह भाजपा की शक्ति और कानून व्यवस्था पर विश्वास के कारण हो रही है। बिना किसी शिकायत के भाजपा ने खुद ही जांच कराई और अब सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। यही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ में नशे को खत्म करने के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अफीम के अलावा गांजे को भी जप्त करने के साथ नष्ट किया गया है।

डॉ. द्विवेदी : 2023 में तो आप प्रदेश अध्यक्ष थे इसके बाद भी लोरमी जैसी सीट पर चुनाव क्यों लड़े ?
डिप्टी सीएम : 2023 में चुनाव लड़ने का फैसला मैंने पार्टी पर छोड़ दिया था कि वह मुझे बतौर प्रत्याशी किस विधानसभा से उतारती है। 2018 के चुनाव में लोरमी सीट से भाजपा की 23 हजार वोटों से हार हुई थी तो चुनौती कठिन थी। लेकिन जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया और यहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एक जूता से मुझे 46 हजार वोटों से जीत मिली।

डॉ. द्विवेदी : मुंगेली जिले के लिए आप क्या कर रहे हैं?
डिप्टी सीएम : मुंगेली जिले की जो भी जरूरतें होगी उन्हें पूरा किया जाएगा। फिलहाल हजार करोड़ की सड़कें बन रही हैं तो 500 करोड़ के काम अलग से हो रहे हैं। एग्रीकल्चर के साथ ही सिंचाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृषि कॉलेज के लिए जमीन का चयन जारी है और अगले 2 सालों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। जिले में किस काम की कितनी उपयोगिता है इसको ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव बनाकर उसे पर काम हो रहा है।

डॉ. द्विवेदी : किस से अच्छी दोस्ती है, पुन्नू लाल मोहले, तोखन साहू, भूपेश बघेल या चरण दास महंत ?
डिप्टी सीएम : तोखन साहू मेरे अच्छे दोस्तों में से एक हैं, जिस लोकसभा से मैं सांसद रहा वहां से वे अभी सांसद हैं, जिस विधानसभा से मैं विधायक बना वहां से वे विधायक रहे हैं। पुन्नूलाल मोहले आदरणीय हैं और वरिष्ठ हैं। उनका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहा है। कांग्रेस नेता भूपेश बघेल और चरण दास महंत से शिष्टाचारी संबंध हैं।

डॉ.द्विवेदी : अगले चुनाव में भाजपा की उम्मीद और कांग्रेस की संभावनाओं पर क्या बोलेंगे?
डिप्टी सीएम : भाजपा हमेशा काम के नाम पर वोट मांगती है। इस आधार पर यह दावा किया जा सकता है कि अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार तो कभी नहीं बनेगी। भाजपा का ही मुख्यमंत्री अब छत्तीसगढ़ में रहेगा और हम जनकल्याणकारी योजनाओं के सहारे लोगों तक पहुंचते रहेंगे।

डॉ. द्विवेदी : मुंगेली नगर पालिका की काउंसिल गठित नहीं हो पा रही है, आखिर क्यों ?
डिप्टी सीएम : लोकतांत्रिक व्यवस्था में जो भी जरूरी हो उसे करना चाहिए। काउंसिल गठन में कहीं कोई परेशानी हो रही है तो उसे जरूर दूर करना चाहिए। ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए कि कांग्रेस की निर्वाचित कार्यकारिणी है तो उसमें कोई अवरोध हो। काउंसिल गठित होगी तभी बेहतर काम हो सकेगा।


 

7