Logo
मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भारत में LPG की बुकिंग को लेकर हड़कंप मचा है। एजेंसी वालो ने स्पष्ट किया कि, गांवों में घरेलु गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। मिडिल ईस्ट में चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध का असर अब भारत में एलपीजी गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिल रहा है। कई शहरों में गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। हालांकि ग्रामीण इलाकों में फिलहाल ऐसी अफरा-तफरी की स्थिति नहीं दिख रही है।

ग्रामीण गैस वितरकों के अनुसार, उनके पास सभी कंपनियों के एलपीजी सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और सप्लाई सामान्य बनी हुई है। इधर एलपीजी बुकिंग को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने नए दिशा-निर्देश लागू किए हैं। नए नियमों के अनुसार, अब शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिनों के अंतराल के बाद ही की जा सकेगी, जबकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन तय की गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन के बाद बुकिंग
मिडिल ईस्ट में जंग शुरू होने के बाद सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा तीसरी बार बढ़ाई गई है। सबसे पहले 6 मार्च को लॉक-इन पीरियड 21 दिन तय किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 दिन किया गया और 12 मार्च को इसे बढ़ाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन कर दिया गया।

ग्रामीण इलाकों में सामान्य स्थिति
ग्रामीण क्षेत्रों में आमतौर पर एक परिवार साल में करीब 5 सिलेंडर ही उपयोग करता है। इसलिए वहां बार-बार बुकिंग की जरूरत कम पड़ती है। लेकिन हाल ही में गैस की किल्लत की खबरों के बाद कई जगह लोग दाम बढ़ने और सिलेंडर न मिलने की आशंका से एडवांस बुकिंग कर सिलेंडर जमा करने लगे हैं। फिलहाल, शहरों में जहां गैस को लेकर चिंता और भीड़ देखी जा रही है, वहीं ग्रामीण इलाकों में स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य बनी हुई है।

7