राहुल यादव- लोरमी। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव की अनुशंसा पर लोरमी ब्लॉक के 53 गाँवों में अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि से 4 करोड़ 21 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। राज्य शासन ने इस निधि से जिले के लिए कुल 94 कार्यों पर 7 करोड़ 55 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। जिनमें लोरमी क्षेत्र के इन 53 गाँवों में सड़क, नाली, पुलिया, स्टॉप डेम एवं उद्यान निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ग्रामीण अंचल को मजबूत अधोसंरचना से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि गाँवों में विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी। स्वीकृत कार्यों में मुख्य रूप से अनेक गाँवों में सीसी सड़क निर्माण, पक्की नाली, पुलिया निर्माण, स्टॉप डेम, उद्यान एवं सांस्कृतिक मंच निर्माण जैसे विकास कार्य शामिल हैं। कई गाँवों में 4 लाख से 15 लाख तक के कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनसे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।













