CG Assembly Budget Session : पत्थलगांव विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मांगा जवाब, स्वास्थ्य मंत्री बोले- सभी अस्पतालों में हैं डॉक्टर

CG Assembly Budget Session
X
विधायक गोमती साय ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मांगा जवाब
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों में रिक्त पदों की भर्ती और डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर जानकारी मांगी।

मयंक शर्मा- कोतबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा में पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सदन में सवाल उठाया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों में रिक्त पदों की भर्ती, डॉक्टरों की उपलब्धता और एंबुलेंस सेवाओं के संबंध में जानकारी मांगी। साथ ही आयुष्मान भारत योजना की क्रियान्वयन स्थिति को लेकर भी सवाल उठाया।

जवाब में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब देते हुए बताया कि 90% पद भरे जा चुके हैं और कोई भी अस्पताल डॉक्टर-विहीन नहीं है। आश्वासन दिया कि जहां भी जरूरत होगी, जल्द से जल्द अतिरिक्त डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके साथ ही, रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी ताकि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएँ और मजबूत हो सकें।

आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी उठाए सवाल

गोमती साय जी ने सरकार से पूछा कि, आयुष्मान भारत योजना का लाभ सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में कब तक मिलेगा। इस पर स्वास्थ्य मंत्री जी ने बताया कि सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और जल्द ही प्रदेश के सभी अस्पतालों में इस योजना को लागू किया जाएगा जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग कैशलेस इलाज का लाभ उठा सकें।

एंबुलेंस सेवाओं की कमी पर जताई चिंता

विधायक गोमती साय जी ने अपने क्षेत्र और प्रदेश के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में एम्बुलेंस सेवाओं की कमी को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, कई ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को अस्पताल तक पहुँचाने में देरी हो रही है। जिससे कई बार गंभीर परिणाम सामने आते हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री जी ने भरोसा दिलाया कि नई एंबुलेंस की व्यवस्था जल्द की जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन भी मुहैया कराए जाएंगे।

जनता के हित में संघर्ष जारी रहेगा

विधानसभा में उठाए गए इन सवालों के बाद विधायक गोमती साय जी ने कहा कि, वे लगातार जनता की आवाज को सदन में उठाती रहेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार से जवाब मांगती रहेगी। आगे कहा कि, पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के हर नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की कमी को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story