haribhoomi hindi news
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर हादसे के मामले में पुलिस ने वेदांता प्रबंधन से जुड़े 19 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

जांजगीर चाम्पा। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर हादसे के मामले में पुलिस ने वेदांता प्रबंधन से जुड़े 19 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 16 लोग घायल हैं, जिनमें से आधे से अधिक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

गौरतलब है कि मंगलवार 14 अप्रैल को डभरा ब्लॉक के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में बॉयलर फटने की घटना हुई थी। इस भीषण हादसे में तीन दर्जन से अधिक श्रमिक बुरी तरह से झुलस गए, जिनमें से 20 लोगों की मौत हो गई। वहीं घटना में गंभीर रूप से घायल 16 श्रमिकों को खरसिया, रायगढ़, बिलासपुर और रायपुर के अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। 

इस मामले की मजिस्ट्रयल जांच के आदेश कलेक्टर सक्ती ने दिए
इधर,  इस मामले की मजिस्ट्रयल जांच के आदेश भी कलेक्टर सक्ती ने दिए हैं। प्रारंभिक जांच के उपरांत उपलब्ध साक्ष्यों एवं तकनीकी रिपोटों के आधार पर घटना में लापरवाही परिलक्षित हुई है। उक्त परिस्थितियों के आधार पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर वेदांता कंपनी के प्रबंधक देवेन्द्र पटेल सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रथम दृष्ट्या लापरवाही परिलक्षित होने पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 119/2026, धारा 106 (1), 289, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

उद्योग मंत्री पहुंचे वेदांता
बायलर ब्लास्ट के बाद उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने 16 अप्रैल को सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन और प्लांट प्रबंधन के अधिकारियों के साथ उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मृत श्रमिकों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मंत्री देवांगन ने सिंघीतराई में ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो,पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर और वेदांता प्रबंधन के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने श्रम कानूनों के अनुरूप घटना के तकनीकी पहलुओं की गहराई से जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

कांग्रेस की जांच टीम ने प्लांट पहुंच कर लिया जायजा
हादसे में 20 मजदूरों की मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जांच टीम बनाई गई है। कांग्रेस का जांच दल 16 अप्रैल को प्लांट पहुंचा। जांच दल के संयोजक पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के साथ ही नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज और कई विधायक प्लांट पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर टीम ने स्थिति का जायजा लिया। कांग्रेस जांच दल ने प्लांट और प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7