haribhoomi hindi news
बिलासपुर में EWS फ्लैट का नामांतरण फाइल साल भर से गुम होने पर युवक ने विभाग में आकर मैडम की याददाश्त बढ़ाने के लिए टेबल में बादाम बिखेर दिए।

पंकज गुप्ते - बिलासपुर। हाउसिंग बोर्ड की लापरवाही से परेशान बिलासपुर के तरुण साहू ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए विभागीय टेबल पर बादाम बिखेर दिए। युवक का कहना है कि एक साल से उसका नामांतरण फाइल गायब है, और अधिकारियों के लगातार चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिला।

EWS फ्लैट खरीदा, लेकिन नामांतरण फाइल गायब
तिफरा क्षेत्र में युवक ने रिसेल में एक EWS फ्लैट खरीदा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए वह हाउसिंग बोर्ड में नामांतरण करवाने पहुंचा, लेकिन विभाग ने बताया कि उसकी फाइल गुम हो चुकी है। तरुण के अनुसार, एक साल से वह सिर्फ “कल आना, परसो आना” की स्थिति में उलझा हुआ था।

सालभर की दौड़धूप से परेशान, अपनाया अनोखा तरीका
लगातार चक्कर काटने और प्रक्रिया में हो रही देरी से तंग आकर युवक ने विरोध का ऐसा तरीका चुना, जिसे देखकर मौजूद कर्मचारी भी हैरान रह गए। वह बादाम की थैली लेकर पहुंचा और मेज पर बिखेरते हुए मैडम से कहा “मैडम, शायद बादाम खाने से आपकी याददाश्त बढ़ जाए और मेरी फाइल मिल जाए।”

वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाला
युवक ने इस पूरे विरोध का वीडियो भी बनाया, जिसमें वह अधिकारी के टेबल पर बादाम रखते दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

विभाग की चुप्पी और फाइल ढूंढने की कवायद शुरू
वीडियो सुर्खियों में आने के बाद विभाग के अधिकारी फाइल ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7