संतोष कश्यप - अम्बिकापुर। अम्बिकापुर से कटघोरा के बीच बनने वाले फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग-130 में अब दो अहम बदलाव होंगे लखनपुर में बाईपास का निर्माण और लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र में वन्यजीव अनुकूल सड़क सुविधाएं। यह संभव हो पाया है पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की पहल और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के सकारात्मक रुख से।
लखनपुर को मिलेगी जाम और हादसों से मुक्ति
लखनपुर नगर से होकर गुजरने वाले इस राजमार्ग पर लंबे समय से बाईपास की मांग उठती रही है। नगर के भीतर से भारी वाहनों के गुजरने के कारण यातायात का दबाव बना रहता था और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब फोरलेन के डीपीआर में बाईपास को शामिल करने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

लेमरू में हाथियों की सुरक्षा
लेमरू हाथी प्रोजेक्ट एक संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्र है। इस इलाके से गुजरने वाली सड़क पर अब पशु अंडरपास और बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि हाथी और अन्य वन्यजीव सुरक्षित रूप से आवाजाही कर सकें और सड़क हादसों में उनकी जान न जाए।
सिंहदेव के पत्र से शुरू हुई कवायद
इस पूरे मामले की शुरुआत 8 मार्च को हुई, जब पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर ये दोनों सुझाव दिए। मंत्री ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को 20 अप्रैल को डीपीआर में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दे दिए।


सिंहदेव ने बताया पर्यावरण और जनहित की दोहरी जीत
सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय एक साथ दो उद्देश्य पूरे करता है, एक ओर आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात मिलेगा, तो दूसरी ओर वन्यजीवों का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने इसे जनहित और पर्यावरण दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









